हरिद्वार, 2 अप्रैल 2026: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला का आयोजन दिव्य और भव्य स्वरूप में हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य सचिव ने सीवर लाइन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने, अपर रोड का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने तथा शेष कार्य 30 जून तक समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा नदी की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गंदा पानी गंगा में न जाए और सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ा जाए।
इसके अलावा उन्होंने पीएनजी कनेक्शन वितरण के लिए शिविर लगाने, विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए मेडिकल कॉलेज का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने, 3 मेगावाट विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और मेले के दौरान एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस व बोट एंबुलेंस की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि अब तक 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 32 सेक्टरों का विस्तृत प्लान तैयार कर लिया गया है। इससे पहले मुख्य सचिव ने गंगा सभा, व्यापार मंडल, आश्रम एवं होटल संचालकों सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव भी लिए और सभी से मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की।
