देहरादून | देवभूमि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभूतपूर्व स्वागत देखने को मिला। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री देहरादून पहुंचे, जहां उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री ने प्रसिद्ध डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना से की। यहां उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

इसके बाद प्रधानमंत्री ने देहरादून कैंट स्थित सभा स्थल तक लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। यह रोड शो कई मायनों में खास रहा और इसे प्रधानमंत्री के अब तक के सबसे लंबे रोड शो में से एक बताया जा रहा है।

रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। युवा, महिलाएं और आमजन “भारत माता की जय” के नारों के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत में जुटे रहे। पूरे मार्ग में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जनता के इस अपार स्नेह से वे बेहद प्रसन्न नजर आए।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उन्हें हमेशा विशेष ऊर्जा मिलती है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें देश के विकास के लिए और अधिक प्रेरित करता है।

उन्होंने रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि 12 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में उमड़े जनसैलाब के कारण उनका काफिला धीमी गति से आगे बढ़ा, जिससे जनसभा स्थल तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक का विलंब हो गया। इसके लिए उन्होंने मंच से लोगों से क्षमा भी मांगी।

यह भव्य आयोजन न केवल दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व को दर्शाता है, बल्कि उत्तराखंड की जनता और प्रधानमंत्री के बीच गहरे जुड़ाव को भी उजागर करता है।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *