चमोली, 23 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ बद्रीनाथ धाम के कपाट आज सुबह 6:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया। इस अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कराई और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी में भी पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छ और हरित चारधाम यात्रा में सहयोग करने की अपील भी की।

कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागर और झुमैलो नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने धाम में आयोजित भंडारे का शुभारंभ कर श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ बद्रीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य अनुभव बना।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *