हरिद्वार। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah के 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित हरिद्वार बैरागी कैंप भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से पूरी की जाएं।

सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और पुलिस-प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, चिकित्सा सुविधाएं, आपातकालीन सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्था पूर्ण रूप से सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

यातायात प्रबंधन पर विशेष योजना

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो और यातायात सुचारू बना रहे, ताकि आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दी तैयारियों की जानकारी

निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गैहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *