आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान श्री सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया और इसे जनपदवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वयं खिलाड़ियों के बीच मैदान में उतरे और क्रिकेट खेलकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने क्रिकेट पिच पर बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर मैदान का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने फुटबॉल, हॉकी सहित अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता कर युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त जरिया हैं। उन्होंने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाते हुए नशामुक्त उत्तराखंड अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है, ताकि उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है और पिथौरागढ़ सहित विभिन्न जनपदों में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट लगाने की घोषणा भी की।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *