आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस समारोह में वर्ष 2026 के राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उत्तराखंड के जनपद उत्तरकाशी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ (ANM) के पद पर कार्यरत सुश्री पूजा परमार राणा को उनकी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

सुश्री पूजा परमार राणा पिछले 15 वर्षों से हिमालयी अंचल के संवेदनशील एवं दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में समर्पित भाव से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने यमुना नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में पहली वैक्सीनेटर के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया। उनके प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।

सुश्री राणा को इससे पूर्व राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्राप्त करना न केवल उनके समर्पण और कार्यकुशलता का सम्मान है, बल्कि यह उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *