देहरादून, 18 जून। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज योग विश्वभर में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग और अध्यात्म की भूमि है तथा योग को जनआंदोलन बनाकर स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
