देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल की युवा नर्सिंग प्रोफेशनल सपना राणा ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सपना राणा का चयन जर्मनी के हैमबर्ग शहर स्थित शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schon Klinik) में नर्स के पद पर हुआ है, जहां उन्हें 3060 यूरो (लगभग 3.30 लाख रुपये) प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपना राणा को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ युवाओं को विदेशों में रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। वर्तमान में जापान और जर्मनी में रोजगार के लिए युवाओं को भाषा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक करीब 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है और आने वाले समय में अधिक से अधिक युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य है।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर टिहरी गढ़वाल की सपना राणा का चयन जर्मनी में नर्स के रूप में हुआ है।

सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल (टिहरी गढ़वाल) से तथा नर्सिंग की शिक्षा स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है।

इस अवसर पर सचिव सी. रविशंकर भी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *