देहरादून, 26 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित गांधी पार्क में पूर्व सैनिकों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण को सुना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला एक प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए विकास और जनहित से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस संस्करण में डीआरडीओ की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता, रक्षा निर्यात, जल संरक्षण, हस्तशिल्पों के संरक्षण तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सीमांत क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है और देश का प्रत्येक नागरिक विकास यात्रा का सहभागी बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जन-जन का सपना साकार हो रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेवानिवृत्त) सहित अनेक पूर्व सैनिक, शहीद परिवारों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *