देहरादून, 09 अप्रैल 2026 : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और उत्तराखण्ड सरकार के निर्माण से जुड़े विभागों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीबी द्वारा राज्य में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई और विभागों द्वारा अपने प्रमुख प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

हर जिले में मॉडल स्किल सेंटर बनाने की योजना

मुख्य सचिव ने एडीबी अधिकारियों से प्रदेश में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जनपद में कम से कम एक मॉडल स्किल सेंटर स्थापित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में युवाओं के प्रशिक्षण के साथ सर्टिफिकेशन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए एक समग्र योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

पुल निर्माण और लैंडस्लाइड जोन ट्रीटमेंट पर फोकस

मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं जैसे पुलों के निर्माण और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार कार्यों को एडीबी से वित्तपोषित कराने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही टिहरी झील रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर एडीबी से वित्तपोषित कराने की बात कही।

शहरी विकास और उद्यान योजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में उद्यान विभाग की योजनाओं, अर्बन मोबिलिटी और अर्बन प्लानिंग प्रोजेक्ट्स को भी एडीबी में शामिल करने पर जोर दिया गया। ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप विकास योजनाएं तैयार कर एडीबी को भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही JICA से वित्तपोषित जनपदों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों की योजनाओं को एडीबी के माध्यम से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

एडीबी ने जताई सहयोग की तत्परता

एडीबी की कंट्री डायरेक्टर Mio Oka ने उत्तराखण्ड में चल रही परियोजनाओं पर संतोष जताया और नई परियोजनाओं पर कार्य करने के लिए राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करें ताकि उन्हें आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में आर मीनाक्षी सुंदरम, नितेश कुमार झा, पंकज कुमार पांडेय, दिलीप जावलकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *