देहरादून, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त एवं आईजी गढ़वाल को भी जन शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो और प्रभावित लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।

बैठक के दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा तथा चारधाम यात्रा के सफल एवं सकुशल संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।

वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों में स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनसे स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार और पर्यटन विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए कार्य कर रही है।

जनप्रतिनिधियों ने पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए।

इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे. सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *