देहरादून, 1 अगस्त 2026। उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन (उफतारा) ने अपने संगठन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है। वेबसाइट का शुभारंभ उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के. एस. चौहान ने सूचना भवन स्थित परिषद के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया। इस अवसर पर फिल्म जगत से जुड़े अनेक कलाकार, निर्माता, निर्देशक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के. एस. चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में यह वेबसाइट एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेश की फिल्म गतिविधियों, कलाकारों, गीत-संगीत तथा शूटिंग से जुड़ी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने उफतारा द्वारा फिल्म एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।

कार्यक्रम में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सहायक अधिकारी सुरेश भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उफतारा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेश के फिल्म उद्योग को नई दिशा और पहचान मिलेगी।

उफतारा के अध्यक्ष प्रदीप भण्डारी ने कहा कि नई वेबसाइट को बहुआयामी स्वरूप दिया गया है। इसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों, तकनीशियनों, निर्माताओं और निर्देशकों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण और शूटिंग से संबंधित आवश्यक सूचनाएं भी वेबसाइट के माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सकेंगी। उनका कहना था कि यह मंच राज्य के फिल्म उद्योग को संगठित और डिजिटल रूप से मजबूत बनाने में सहायक होगा।

एसोसिएशन के महासचिव कांता प्रसाद ने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश के फिल्म निर्माता एवं निर्देशक उत्तराखंड के फिल्म इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकार की फिल्म नीति, फिल्म विकास परिषद की गतिविधियों तथा प्रदेश के नए शूटिंग स्थलों की जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में पहचान मिलने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट को आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार किया गया है और इसका डिज़ाइन उफतारा के डिजिटल मीडिया हेड दीपक नौटियाल ने विकसित किया है। वेबसाइट का उद्देश्य उत्तराखंड के फिल्म, टेलीविजन और रेडियो क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक साझा डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में उफतारा के संरक्षक जय प्रकाश पंवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अमरदेव गोदियाल, प्रचार सचिव नागेन्द्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष कैप्टन बंशीलाल कुठलियाल, सह सचिव प्रमोद बेलवाल, डिजिटल मीडिया हेड दीपक नौटियाल, पदम गुसाईं, श्रीमती कमलेश, रवि मंगाई सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उफतारा के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की आधिकारिक वेबसाइट उत्तराखंड के फिल्म उद्योग, कलाकारों और तकनीशियनों के लिए एक प्रभावी सूचना एवं संपर्क मंच बनेगी तथा राज्य में फिल्म निर्माण को नई गति प्रदान करेगी।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *