आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य जनहित मुद्दे उठाए।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाए और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को उसकी समस्या का प्रभावी और शीघ्र समाधान मिले।

उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम शासन और जनता के बीच मजबूत संवाद का माध्यम है, जिससे जमीनी स्तर की समस्याओं की सही जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए ठोस निर्णय लिए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, और दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है।

इस अवसर पर अभिनेत्री Himani Shivpuri ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। वहीं, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *