ऋषिकेश, 29 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को परमार्थ निकेतन पहुंचकर मां गंगा का विधिवत पूजन किया तथा भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने देश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना की।

परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की दिव्य आभा के बीच मुख्यमंत्री धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मां गंगा की आराधना कर जनकल्याण, प्रदेश की उन्नति और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर नितिन नबीन ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हर कठिन समय में समाज को दिशा देने का कार्य किया है और आज भी देश की आध्यात्मिक चेतना विश्व को आकर्षित कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड को सनातन संस्कृति की आत्मा बताते हुए गंगा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति नैतिक दायित्व बताया।

कार्यक्रम में स्वामी चिदानंद मुनि ने अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और उत्तराखंड दिव्यता, संयम एवं संगम की भूमि के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।

इस अवसर पर जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद जी गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित विभिन्न अधिकारी, संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *