आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट के पौधे का रोपण कर किया।

यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों एवं पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। उद्यान में जैव विविधता एवं परागण को बढ़ावा देने वाले अनेक पौधों का रोपण किया जा रहा है, जबकि परिसर में कीटनाशकों और हानिकारक रसायनों के उपयोग को प्रतिबंधित रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उद्यान विभाग को मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों के विस्तार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी, पुदीना सहित अनेक प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है। साथ ही बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसी हिमालयी प्रजातियों को भी परिसर में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने परिसर में चल रहे पर्यावरणीय एवं जैव विविधता संवर्धन कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को इस मॉडल को अन्य स्थानों पर भी विकसित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर शैलेश बगौली, आर.के. सिंह एवं नरेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *