देहरादून, 11 जून। राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त कार्रवाई करते हुए जीएमएस रोड और शिमला रोड स्थित दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

एमडीडीए की टीम ने जीएमएस रोड स्थित पिडकुल कार्यालय के निकट फरमान द्वारा कराए जा रहे व्यवसायिक निर्माण का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके बाद निर्माण स्थल को सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित पक्ष को पूर्व में भी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका अनुपालन नहीं किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में वन विहार, शिमला रोड क्षेत्र में कामिल द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के बाद प्राधिकरण ने निर्माण स्थल को सील कर आगे के कार्य पर रोक लगा दी।

एमडीडीए द्वारा क्षेत्र में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में तैनात टीमें निर्माण गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और जहां भी बिना अनुमति अथवा मानकों के विपरीत निर्माण की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून के सुनियोजित एवं सुरक्षित विकास के लिए भवन निर्माण नियमों का पालन अनिवार्य है। अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से भवन निर्माण संबंधी सभी स्वीकृतियां प्राप्त करने और नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों के विपरीत पाए जाने वाले निर्माण कार्यों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों पर हुई इस कार्रवाई में सहायक अभियंता विजय रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा सहित प्राधिकरण की टीम मौजूद रही।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *