खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों तथा पुष्पमालाओं से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इन वर्षों में लिए गए ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों के कारण भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू कीं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा दी, जबकि स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली तथा हर घर जल योजना से ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। साथ ही भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों को निःशुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराया और अनेक देशों को वैक्सीन देकर वैश्विक सहयोग का उदाहरण प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बग्घा चौवन क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *