देहरादून। प्रदेश सरकार 4 से 18 जुलाई तक पूरे उत्तराखंड में 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करेगी। यह कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सेवा पखवाड़े के दौरान जिला, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर विशेष बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे। साथ ही सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

आनन्द बर्द्धन ने सभी विभागाध्यक्षों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़े के सभी कार्यक्रम समयबद्ध, प्रभावी और जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अभियान के प्रथम चरण में जिन स्थानों पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, वहां दोबारा शिविर न लगाए जाएं।

राज्य सरकार के अनुसार सेवा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *