देहरादून, 15 जुलाई।

राजधानी देहरादून के डीएल रोड स्थित कन्या गुरुकुल परिसर में बुधवार को सामाजिक संस्था जन जागरण अभियान समिति की ओर से उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नौ मेधावी छात्राओं को ‘नवरत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। शिक्षा, नारी सशक्तिकरण और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद सम्मान समारोह में मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान भेंट कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।

समाज निर्माण में शिक्षा की सबसे बड़ी भूमिका : भगत सिंह कोश्यारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार शिक्षा होती है। उन्होंने जन जागरण अभियान समिति द्वारा प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

उन्होंने कहा कि इन छात्राओं ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षकों और पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखें और अपने ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्र की सेवा में करें।

आज की बेटियां कल का नेतृत्व करेंगी : कुसुम कंडवाल

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान करना समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि आज की छात्राएं भविष्य में प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, न्यायपालिका और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि महिला आयोग महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। यदि किसी भी छात्रा को किसी प्रकार की समस्या आती है तो महिला आयोग हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

नारी शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत : दीप्ति रावत

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि भारत में महिलाओं ने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता सिद्ध की है। आज महिलाएं सेना, प्रशासन, विज्ञान, राजनीति, खेल, शिक्षा और उद्योग सहित हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने सपनों को सीमित न रखें और पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मानित छात्राएं भविष्य में देश के महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर उत्तराखंड और भारत का नाम रोशन करेंगी।

प्रतिभा को प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी : हेमन पाठक

कन्या गुरुकुल की प्रधानाचार्या हेमन पाठक ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विद्यालय परिसर को इस सम्मान समारोह के लिए चुना जाना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करने से अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही विद्यार्थियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।

हैंडराइटिंग और व्यक्तित्व विकास पर दिया विशेष जोर

मुख्य वक्ता एवं समाजसेविका विजयालक्ष्मी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी हैंडराइटिंग सुधारने, नियमित अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने और सकारात्मक सोच विकसित करने की सलाह दी।

समाज सेवा से मिलती है आत्मिक खुशी : स्वप्निल सिन्हा

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा से उन्हें आत्मिक संतोष मिलता है और यह प्रेरणा उन्हें अपने स्वर्गीय पिता बृजकिशोर प्रसाद से मिली है।

उन्होंने कहा कि जन जागरण अभियान भविष्य में भी शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के संरक्षक डॉ. राजेश डोभाल ने प्रस्तुत किया।

सहयोगकर्ताओं का भी किया सम्मान

समारोह के दौरान कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कांशी ज्वेलर्स, डाउनकाउंट बेकर्स, जय प्रकाश एंड संस, संत कबीर डेरी के अमित खेरा तथा चड्ढा बेकर्स के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित कर संस्था की ओर से आभार व्यक्त किया गया।

इन मेधावी छात्राओं को मिला ‘नवरत्न सम्मान’

  • मानसी – कक्षा 12, डीएवी इंटर कॉलेज, देहरादून – 94.6% (राज्य में द्वितीय स्थान)
  • प्रियांशी – कक्षा 12, एसवीएमआईसी, नथुवावाला – 93.4% (20वां स्थान)
  • आरोही – कक्षा 10, हिल ग्रीन पब्लिक स्कूल, अंबीवाला – 96.6% (6ठा स्थान)
  • मानवी खत्री – कक्षा 10, शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल – 96.5% (10वां स्थान)
  • मानसी – कक्षा 10, सेंट जॉर्ज अकादमी हाई स्कूल – 94.8% (14वां स्थान)
  • साक्षी – कक्षा 10, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मालदेवता – 94.6% (15वां स्थान)
  • अक्षिता नेगी – कक्षा 10, हिल क्वीन पब्लिक हाई स्कूल, नथुवावाला
  • नंदिनी – कक्षा 10, स्नेहा दून अकादमी – 92.6% (25वां स्थान)
  • श्रुति सूद – कक्षा 10, एसजीएनपी एमआईसी, खुरबुरा – 92.6% (25वां स्थान)

ये रहे मौजूद

समारोह में संस्था के संरक्षक पीयूष भटनागर, धनंजय कुकरेती, उपाध्यक्ष प्रमोद बेलवाल, प्रो. अर्चना डीमरी, विजय शुक्ला, सौरभ त्रिपाठी, खुशी रावत, सताक्षी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह सम्मान समारोह न केवल मेधावी छात्राओं के लिए प्रेरणा का माध्यम बना, बल्कि समाज में शिक्षा, बेटी सम्मान और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने का एक सशक्त संदेश भी देकर गया।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *