देहरादून, 19 जुलाई 2026।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा में शामिल होकर गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ धाम के दर्शन करने गए उत्तराखंड के श्रद्धालुओं का दल रविवार प्रातः लगभग 8:00 बजे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचा। तीर्थयात्रियों के लौटने पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं में कुमाऊँ मंडल एवं गढ़वाल मंडल के विभिन्न पर्वतीय जनपदों के साथ-साथ हरिद्वार जनपद के श्रद्धालु भी शामिल रहे। हर्रावाला पहुंचने के बाद अधिकांश यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ही अपने घरों और गंतव्यों के लिए प्रस्थान कर गए।

इस यात्रा में पतंजलि योगपीठ, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज तथा परमार्थ निकेतन से जुड़े श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। सभी तीर्थयात्री हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अपने-अपने संस्थानों एवं निवास स्थानों के लिए रवाना हुए।

श्रद्धालुओं ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा उनके जीवन की एक अत्यंत आध्यात्मिक एवं अविस्मरणीय यात्रा रही। भगवान सोमनाथ के दर्शन, धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक वातावरण ने उन्हें गहन आध्यात्मिक शांति, आत्मिक संतोष और नई ऊर्जा का अनुभव कराया।

यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन पर श्रद्धालुओं ने इसे भारतीय सनातन संस्कृति, राष्ट्रीय स्वाभिमान और धार्मिक आस्था से जुड़ा एक प्रेरणादायक आयोजन बताया। इस प्रकार अटूट श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गौरव से परिपूर्ण सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का सुखद समापन हुआ।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *