देहरादून, 24 जुलाई। बॉलीवुड फिल्म अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को रिंग रोड, लाडपुर स्थित उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, शूटिंग सुविधाओं और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

भेंट के दौरान नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने अमन वर्मा का ‘जागेश्वर मंदिर’ का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उत्तराखण्ड की फिल्म नीति की जानकारी मिलने के बाद अभिनेता अमन वर्मा ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि राज्य में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर अनेक शानदार शूटिंग लोकेशन हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही उत्तराखण्ड में फिल्म शूटिंग को लेकर गंभीरता से विचार करेंगे।

इस अवसर पर जानकारी दी गई कि अभिनेता अमन वर्मा 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला (देहरादून) में “किस्मत पैलेस” नाटक का मंचन करेंगे।

नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू उत्तराखण्ड फिल्म नीति के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। नीति के तहत उत्तराखण्ड में फिल्माई गई हिंदी एवं अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी सब्सिडी के दायरे में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में फिल्म शूटिंग की अनुमति अब पूरी तरह ऑनलाइन सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग अनुमति जारी की जाती है। प्रदेश में शूटिंग शुल्क माफ किया गया है तथा शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जीएमवीएन और केएमवीएन के गेस्ट हाउसों में विशेष छूट भी उपलब्ध कराई जा रही है।

के.एस. चौहान ने कहा कि वर्तमान में उत्तराखण्ड में प्रतिवर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियलों की शूटिंग हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण उत्तराखण्ड फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श राज्य बन चुका है। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद और एक सशक्त फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *