देहरादून, 29 जुलाई। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण की समीक्षा की। बैठक में मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस, उनकी तामील और सुनवाई की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों से नोटिसों की सुनवाई के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी ली और निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं, उन्हें समय पर नोटिस प्राप्त हो तथा सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) की सहायता हेतु शिक्षा, राजस्व, तहसील सहित संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने और पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की सतत समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी जनपदों में मतदाताओं के लिए जारी किए जाने वाले नोटिसों की शत-प्रतिशत प्रिंटिंग पूरी कर उन्हें ईआरओ एवं बीएलओ स्तर तक पहुंचा दिया गया है। साथ ही, नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *