देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित ‘सशक्त बहना उत्सव’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीद से न केवल महिलाओं की आजीविका मजबूत होती है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का भी अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का सबसे उपयुक्त अवसर है। यदि प्रदेशवासी उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तो इससे हजारों महिला उद्यमियों, कारीगरों और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी तथा राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देशभर में स्वदेशी उत्पादों के प्रति विश्वास बढ़ाया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदें, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें और आत्मनिर्भर उत्तराखंड तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में सहभागी बनें।
