देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुई बारिश से क्षतिग्रस्त पुल के कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटक भी आवाजाही करते हैं। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही संचालित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे अगले 2 से 3 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में सड़क एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कई अवसंरचनात्मक परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिससे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *